जैतपुर माझा गांव के मजरा केवटहिया में शुक्रवार की रात गांव के ही रहने वाले एक व्यक्ति के घर उससे मिलने गए युवक की तीन लोगों ने मिलकर हत्या कर दी। हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के लिए शव को गांव के ही समीप एक गड्ढे में बाढ़ के पानी में फेंक दिया।
शनिवार की सुबह उधर से गुजर रहे गांव के एक व्यक्ति ने युवक का शव बाढ़ के पानी में उतराता देख परिवारीजनों को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में युवक की माता ने थाना नवाबगंज में चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के जैतपुर माझा गांव के मजरा केवटहिया की रहने वाली महिला सितारा पत्नी अयोध्या ने बताया कि उसका बेटा शिवकुमार (30) की गांव के तीन लोगों से दोस्ती थी। शिवकुमार तीनों के साथ अधिक समय बिताता था।
सितारा के मुताबिक तीनों युवकों का एक पट्टीदार दोस्ती के कारण शिवकुमार से नाराज रहता था। सितारा ने बताया कि तीनों युवकों के पट्टीदार ने शिवकुमार को एक बार धमकाया भी था। सितारा ने बताया कि शुक्रवार की सुबह शिवकुमार तीनों युवकों के साथ गांव में ही निकला था, मगर देर रात तक वापस नहीं लौटा। उसकी काफी तलाश की गई, लेकिन कहीं पता न चल सका।
शनिवार की सुबह गांव के ही समीप एक गड्ढे में बाढ़ के पानी में शिवकुमार का शव उतराता मिला। सितारा के मुताबिक तीनों युवकों ने पट्टीदार के साथ मिलकर उसके बेटे शिवकुमार की की हत्या कर दी और शव को गड्ढे में भरे बाढ़ के पानी में फेंक दिया।
सितारा ने थाना नवाबगंज में तीन युवकों को नामजद करते हुए पट्टीदार के खिलाफ तहरीर दी है। थानाध्यक्ष नवाबगंज बृजेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।