घर से छह दिन से लापता था अरविंद
दर्जीकुआं-मनकापुर मार्ग पर कुंदरखी गांव के पास मिला शव
रामनगर तरहर गांव के मजरा सिंधईपुर का निवासी था युवक
देहात कोतवाली क्षेत्र के रामनगर तरहर गांव के मजरा सिंधईपुर के रहने वाले एक युवक की बदमाशों ने हत्या कर दी और हाथ-पैर बांधकर उसका शव कुंदरखी गांव के पास फेंक दिया। युवक छह दिन पहले रामनगर बाजार जाने के लिए घर से निकला था। तभी से वह लापता था। मंगलवार को सुबह ग्रामीणों ने उसका शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक के पिता ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। देहात कोतवाली क्षेत्र के रामनगर तरहर गांव के मजरा सिंधईपुर के रहने वाले बाबूराम ने बताया कि उसका बेटा अरविंद (20) नौ जून को घर से रामनगर बाजार जाने के लिए कहकर निकला था। बाबूराम के मुताबिक तभी से उसका बेटा लापता था। उन्होंने बताया कि सुबह दर्जीकुआं-मनकापुर मार्ग पर कुंदरखी गांव के पास उसका शव पड़ा मिला। बदमाशों ने उसकी हत्या कर हाथ-पैर रस्सी से बांधकर शव को सड़क किनारे फेंक दिया। उधर से गुजर रहे ग्रामीणों ने सड़क किनारे हाथ-पैर बंधा युवक का शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाबूराम ने बताया कि उसके बेटे की किसी ने हत्या कर शव को फेंक दिया है। उनके मुताबिक उसकी किसी से कोई रंजिश नहीं है। बाबूराम ने मोतीगंज थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है। थानाध्यक्ष अनिल सोनकर ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की छानबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद केस दर्ज किया जाएगा। अरविंद की मौत होने से परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।