नगर कोतवाली क्षेत्र के रूद्रपुर विसेन गंाव के रहने वाले एक बुजुर्ग को बुधवार को मिश्रौलिया पुलिस चौकी के समीप एक ट्रक ने रौंद दिया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को राहगीरों ने आननफानन जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के रूद्रपुर विसेन गांव के रहने वाले बदलू प्रजापति (65) बुधवार को अपने गांव से गोंडा जा रहे थे। वह कोतवाली क्षेत्र के मिश्रौलिया पुलिस चौकी के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रहे ट्रक ने बदलू को बुरी तरह से रौंद दिया।
इस हादसे में बुजुर्ग बदले का एक पैर कटकर दूर जा गिरा और वह गिरकर तड़पने लगे। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। मौके पर जुटे राहगीरों ने गंभीर रूप से घायल बदलू को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया।
जहां डॉक्टरों ने बदलू को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची कोतवली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे अंत्य परीक्षण के लिए भेजा है। इस संबंध में नगर कोतवाल बृजेश सिंह ने बताया कि इस मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।