नवाबगंज थाना क्षेत्र में तेज हवा के साथ शुक्रवार सुबह हुई बारिश के दौरान बिजली गिरने से एक बालक समेत दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, चार बच्चों समेत पांच लोग झुलस गए। इसी दौरान बिजली की चपेट में आकर एक भैंस की झुलसकर मौत हो गई। बताया जाता है कि नवाबगंज थाना क्षेत्र के हरिहरपुर गांव के मजरा पंडित हाता पुरवा के रहने वाले विशाल (11) पुत्र गुड्डू, गौतम (9), रोहित (8), राजन (10) व बब्लू (20) शुक्रवार सुबह तेज हवा के साथ हो रही बारिश के दौरान गांव के पास बाग में आम बीनने गए थे। इसी बीच बिजली गिरने से चपेट में आकर विशाल की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं चारों बच्चे झुलस गए। इसी दौरान पास में ही बंधी एक भैंस की झुलसकर मौत हो गई। घटना की जानकारी होने के बाद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। तमाम लोग मौके पर जुट गए। विशाल की मौत होने से परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उधर, इसी थाना क्षेत्र के नरायनपुर गांव के मजरा खटिकन पुरवा का रहने वाला करिया (22) पुत्र जगदंबा अपने छोटे भाई सनीराम (12) को साइकिल पर बिठाकर खड़ौवा तिराहे की ओर जा रहा था। तभी बिजली गिरने से चपेट में आकर करिया की मौत हो गई और सनीराम गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे फैजाबाद के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नवाबगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक रामनगीना सिंह ने बताया कि बिजली गिरने से विशाल की मौत होने की सूचना मिली थी। उसका शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।