गरीबों को बांटा जाने वाला 474 बोरी सरकारी अनाज एसडीएम की छापेमारी में पकड़ा गया। यह अनाज कालाबाजारी के लिए स्कूल के जर्जर भवन व गांव के एक घर में रखा गया था। एसडीएम ने बरामद अनाज सीज कर दिया है। मामले में एसडीएम ने क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक को कोटेदार के खिलाफ केस दर्ज करने का निर्देश दिया है।
बुधवार को तुलसीपुर एसडीएम एसके त्रिपाठी ने बताया कि मुखबिर तथा ग्रामीणों ने सूचना दी कि घोपलापुर मिश्रौलिया गांव में कोटेदार ने सैकड़ों बोरी सरकारी अनाज कालाबाजारी के लिए जर्जर स्कूल के भवन में छिपाकर रखा है।
एसडीएम ने दल-बल के साथ मौके पर पहुंच छापा मारा तो मुखबिर की सूचना सही निकली। स्कूल में गरीबों को वितरित किया जाने वाला 241 बोरी गेेहूं तथा पांच बोरी चावल बरामद किया गया है। एसडीएम ने बताया कि सारा खाद्यान्न गांव के कोटेदार हनुमान सिंह को वितरण के लिए आंवटित हुआ है।
एसडीएम ने बताया कि बरामद खाद्यान्न सीज कर दिया गया है। पूर्ति निरीक्षक विजयपाल को आरोपी कोटेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराकर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए है। पूर्ति निरीक्षक विजयपाल ने बताया कि कोटेदार के खिलाफ कार्रवाई के लिए डीएम को रिपोर्ट भेजकर अनुमति मांगी गई है।
अनुमति मिलते ही मुकदमा दर्ज करा दिया जाएगा। एसडीएम तथा जिला पूर्ति अधिकारी की टीम ने इसी क्षेत्र के भोजपुर कोलुहिया गांव में छापा मार कर देर शाम 228 बोरी सरकारी अनाज पकड़ा। यह खाद्यान्न भी घोपलापुर मिश्रौलिया कोटेदार हनुमान सिंह का है। इस गांव का कोटा हनुमान सिंह से संबद्ध है।