बाइक की डिकी चेक करते एसपी प्रमोद कुमार। पीएनबी के सामने ख्ाड़ा व्यापारी रामप्रवेश।
भौरीगंज-चरसड़ी मार्ग पर चसड़ी तटबंध के समीप रविवार की रात बाइक सवार तीन लुटेरों ने सराफा व्यवसायी से 1 लाख 60 हजार रुपए के गहने व मोबाइल फोन लूट लिया और फरार हो गए। लूट के बाद लुटेरे शाहपुर की ओर भाग निकले।
इस मामले में सराफा व्यवसायी ने थाना परसपुर में बाइक सवार तीन लुटेरों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। कस्बा परसपुर के रहने वाले गोमती सोनी ने बताया कि वह क्षेत्र के चरसड़ी गांव के पास सराफा की दुकान चलाता है।
गोमती के मुताबिक वह रविवार की रात दुकान बंद करने के बाद अपने बेटे संजय सोनी के साथ बाइक से घर लौट रहा था। वह दोनों चरसड़ी तटबंध के पास पहुंचे थे तभी पहले से पीछा कर रहे बाइक सवार तीन लुटेरों ने उन्हें तमंचे से धमकाकर रोक लिया।
लुटेरों ने सबसे पहले बाइक की चाबी व संजय का मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद गोमती से गहनों से भरा थैला लूटकर शाहपुर की ओर भाग निकले। इस मामले में गोमती सोनी ने थाना परसपुर में बाइक सवार तीन लुटेरों के खिलाफ तहरीर दी है। थानाध्यक्ष परसपुर देवेंद्र पांडेय ने बताया कि तहरीर मिली है, जांच की जा रही है।