धानेपुर थाना क्षेत्र के दो गांवों में गुरुवार की रात चोरों ने 50 हजार रुपये और लाखों के जेवर व बर्तन पार कर दिए। पीड़ितों ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। धानेपुर थाना क्षेत्र के दुल्हापुर गांव के मजरा रेहरवा निवासी विजय कुमार के मुताबिक वह गांव के बाहर मकान बनाकर परिवार समेत रहता है। उसी मकान में उसकी किराने की दुकान है। विजय कुमार ने बताया कि गुरुवार को दुकान बंद करने के बाद वह परिवारीजनों के साथ छत पर सो रहा था। रात में छत के रास्ते घर में चोर घुस आए और दुकान से 40 हजार की नकदी समेत घर में रखे करीब एक लाख के जेवर व बर्तन आदि उठा ले गए। परिवार के लोग जब सुबह सो कर उठे तो दरवाजा खुला देखकर घटना की जानकारी हुई। विजय कुमार ने थाने पर अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं, बीती रात रेतवागाड़ा गांव में दयाशंकर मिश्र के घर में सेंध लगाकर चोर 10 हजार की नकदी, जेवर व बर्तन आदि उठा ले गए।