रंजिश को लेकर दो दिन पहले सात लोग एक ग्रामीण के घर पर आ धमके और दंपती समेत चार लोगों को लाठियों से मारपीटकर घायल कर दिया। इस मामले में पीड़ित ने रविवार को कौड़िया थाने में सात लोगों के खिलाफ बलवा, मारपीट व एससी-एसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कौड़िया थाना क्षेत्र के सिसईया गांव के रहने वाले लल्लू ने बताया कि उसकी गांव के ही मंसूर अली से रंजिश चल रही है।
एक साल पहले मंसूर ने अपने साथियों संग मिलकर उसे मारापीटा था, जिसकी रिपोर्ट उसने थाने में दर्ज कराई थी। इसी मुकदमे में सुलह करने का मंसूर दबाव बना रहा था।
जब वह सुलह करने को तैयार नहीं हुआ तो मंसूर अपने छह साथियों के संग 13 नवंबर की सुबह उसके घर में घुस आया और लाठी से उसे मारने लगा।
उसे पिटता देख उसकी पत्नी यशुमती देवी, भतीजी उर्मिला व बेटा रोहित बचाने दौड़े तो हमलावरों ने उन्हें भी मारपीट कर घायल कर दिया।
इस मामले में लल्लू ने को कौड़िया थाने में मंसूर अली, लाले, फारुख, इरफान, भग्गन, कमरुद्दीन व अजमल के खिलाफ बलवा, मारपीट व एससी-एसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है।