गैसड़ी कोतवाली क्षेत्र के पलईडीह गांव में चोरों ने एक ही रात तीन घरों से करीब पांच लाख का माल पार कर दिया। ग्रामीणों ने एक चोर को दौड़ाकर पकड़ लिया तो चोर ग्रामीणों पर फायरिंग कर साथी को छुड़ा ले गए। चोरों की गोली से एक ग्रामीण घायल हो गया है। घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पलईडीह निवासी रमेश्वर यादव ने बताया कि रविवार रात चोर उनके घर का पिछला दरवाजा तोड़कर करीब एक लाख का जेवर व 31 हजार नकदी उठा ले गए। राम चरन यादव के घर में घुसे चोरों ने दो हजार नकदी व 20 हजार का जेवर व सामान पार कर दिया।
इसी गांव के राम निवास पाल के घर में घुसे चोरों ने 70 हजार नकदी तथा करीब दो लाख रुपये का जेवर पार कर दिया। राम निवास के घर में खटपट की आवाज होने से परिजन जाग गए। परिजनों के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने चोरों को दौड़ा लिया तथा एक चोर को दबोच लिया।
इसी बीच पकड़ा गया चोर व उसके साथी खुद को ग्रामीणों से बचाने के लिए फायरिंग करने लगे। फायरिंग में ग्रामीण वीरेन्द्र कुमार वर्मा को गोली लग गई। ग्रामीणों ने फायरिंग से डरकर पकड़े गए चोर को भी छोड़ दिया। घायल वीरेन्द्र को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गोली वीरेन्द्र की दाहिनी जांघ में लगी है। चोर मौके से सामान लेकर भागने में सफल रहे। प्रभारी कोतवाल अजय सिंह यादव ने बताया कि पीड़ितों की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है। शीघ्र ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।