भयमुक्त समाज की स्थापना के प्रदेश सरकार ने पुलिस का मॉर्डनाईजेशन करते हुए जिले की पुलिस को डायल-100 नाम के 44 आधुनिक वाहन उपलब्ध कराया है। किसी भी घटना के वक्त पुलिस से मदद के लिए कोई भी व्यक्ति गुरुवार से डायल-100 पर कॉल कर सकता है।
पुलिस का यह विशेष वाहन कहीं भी घटनास्थल पर 10 से 20 मिनट में मदद के लिए पहुंच जाएगा। शहर के शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज से गुरुवार को दोपहर में डायल-100 की सभी 44 गाड़ियां जिले भर के थाना क्षेत्रों में निर्धारित रूट चार्ट पर के लिए रवाना कर दी जाएंगी।
पुलिस हेड क्वार्टर लखनऊ डायल 100 कॉल सेंटर के अलावा जिला स्तरीय कॉल सेंटर से वाहनों की मूवमेंट की निगरानी रखी जाएगी। इस बाबत देवीपाटन मंडल के आयुक्त सुधीर कुमार दीक्षित व डीआईजी एके राय ने बुधवार को बताया कि डायल 100 प्रदेश के मुख्यमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट है।
अब कोई भी घटना हो जाने पर लोगों को थाने जाने की मजबूरी नही होगी। वह व्यक्ति घटना की सूचना देने व पुलिस की मदद के लिए अपने मोबाइल से ही डायल-100 पर सूचना दे सकता है। उन्होंने बताया कि मंडल के गोंडा जिले में गुरुवार को जिले में डायल 100 की 44 गाड़ियां क्षेत्रों के लिए रवाना की जाएंगी।
जबकि बहराइच, बलरामपुर व श्रावस्ती जिले में 19 दिसंबर को वाहनों को रवाना किया जाएगा। कमिश्नर व डीआईजी ने इस प्रोजेक्ट को गुरुवार को लांच किये जाने के बाबत अधिकारियों के साथ मंथन किया।
डीएम आशुतोष निरंजन ने बताया कि डायल 100 को जिले में प्रदेश के दूसरे चरण में लांच किया जा रहा है। इन वाहनों को जनप्रतिनिधियों व आईजी की ओर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।