18 साल में नहीं मिल पाया भाजपा के पूर्व सांसद को पानी कनेक्शन
गोंडा। प्रदेश में भाजपा की सरकार है। सरकार प्रदेश के लोगों के विकास का दावा कर रही है। भाजपा के मंत्री से लेकर विधायक तक कार्यक्रमों में जनहित की योजनाओं के लिए बखान कर रहे हैं।
ऐसे में भाजपा के अनुशासन समिति के अध्यक्ष व पूर्व सांसद सत्यदेव सिंह को अपनी ही सरकार में वाटर सप्लाई कनेक्शन के लिए तरसना पड़ रहा है। वो भी एक दो सप्ताह या महीने से नहीं बल्कि 18 साल से।
शहर के छेदीपुरवा मोहल्ले के रहने वाले भाजपा के अनुशासन समिति के अध्यक्ष व पूर्व सांसद सत्यदेव सिंह ने बताया कि उन्होंने ने 18 वर्ष पहले नगर पालिका गोंडा में वाटर सप्लाई कनेक्शन के लिए आवेदन किया था।
मगर नपाप के कर्मियों ने उनके घर पर कनेक्शन नहीं दिया। इसके बाद से वह कई बार पालिका परिषद में वाटर सप्लाई आवेदन कर चुके हैं। यहां तक कि पालिका परिषद के अध्यक्ष व अधिशाषी अधिकारी से कनेक्शन कराने की गुजारिश कर चुके हैं।
मगर इसके बावजूद पालिका परिषद के अधिकारी ने ध्यान नहीं दिया। पूर्व सांसद ने बताया कि अभी हाल में ही पालिका के अध्यक्ष व अधिशाषी अधिकारी से कनेक्शन कराने के लिखित शिकायत की है। फिर भी कनेक्शन नहीं मिला।
नगर पालिका के ईओ विकास सेन ने बताया कि मुझे किसी पूर्व सांसद की जानकारी नहीं है। न ही उनके पास कोई कनेक्शन का एप्लीकेशन आया है।
इसके पहले भाजपा के ही चेयरमैन हुआ करते थे। मुझे तो 15 दिन पहले ही इस मामले की जानकारी हुई है। जलकर के अधिकारी को पूर्व सांसद के यहां कनेक्शन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
उजमा राशिद, चेयरमैन, नगर पालिका