ताला तोड़कर साढ़े आठ लाख की चोरी
खरगूपुर गोंडा। केशईपुरवा गांव में रविवार की देर रात छत के रास्ते घर में घुसे चोरों ने 65 हजार रुपए नकदी व सोने चांदी के गहने पार कर दिए। चोरी गए गहनों की कीमत आठ लाख रुपये बताई जाती है। चोरी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की है।
थाना खरगूपुर क्षेत्र के केशई पुरवा गांव के रहने वाले जियाउद्दीन खान ने बताया कि वह अपने भाई शमसुद्दीन खान व सगीरुद्दीन खान के साथ एक ही मकान में अलग-अलग कमरों में रहते है।
जियाउद्दीन के मुताबिक समसुद्दीन चार दिन पूर्व गांव से मुम्बई चले गए थे। वहां पर उनका दशकों से कारोबार चल रहा है। जियाउद्दीन ने बताया कि रविवार की रात खाना खाने के बाद वह सभी परिवार के कमरों में ताला लगाकर छत पर सोने चले गए थे।
तभी देर रात दीवार के सहारे छत पर चढ़े चोर जीने के दरवाजे का ताला तोड़कर घर के अंदर घुस आए और कमरों का ताला तोड़कर अलमारी, संदकू व अटैची में रखी 65 हजार रुपए नकदी, सोने की नथुनी, छळ झाला, मंगलसूत्र, दो बाला, हार, दो झुमकी, छह अंगूठी, दो चेन व चांदी कर के अटठरह पायल लेकर फरार हो गए।
परिवार के लोगों को चोरी का पता सोमवार की सुबह तब चला, जब वह सोकर उठे। जियाउद्दीन खान ने चोरी गए गहनो की कीमत आठ लाख रुपए बताई है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की है। प्रभारी निरीक्षक ददन सिंह ने बताया कि मौके पर फोर्स भेजी गई थी, पड़ताल की गई है। उन्होंने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।