युवक पर जानलेवा हमला कर लूटे 21 हजार
गांव के ही छह युवकों के खिलाफ रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
वजीरगंज गोंडा। थाना क्षेत्र के नौबस्ता दुबौली गांव के बाहर पिपरी बगिया के समीप असलहों से लैस छह युवकों ने अपने ही गांव के रहने वाले एक युवक से 21 हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर उस पर तमंचे से फायर कर जान से मारने का प्रयास किया। इस मामले में युवक ने छह लोगों के खिलाफ लूट व जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
वजीरगंज थाना क्षेत्र के नौबस्ता दुबौली गांव के रहने वाले महेंद्र कुमार के मुताबिक बुधवार की सुबह वह अपने ट्रक ड्राइवर को रुपये देने के लिए बाइक से वजीरगंज जा रहा था। जैसे ही वह गांव के बाहर पिपरी बगिया के समीप पहुंचा तभी पीछे से आ रहे गांव के छह युवकों ने उसे जबरन रोक लिया और उस पर हमला कर दिया। जब तक वह कुछ समझ पाता तब तक एक युवक ने उसके जेब में रखे 21 हजार 5 सौ रुपये छीन लिए। विरोध करने पर दूसरे ने जान से मारने की नीयत से उसपर तमंचे से फ ायर कर दिया। हांलाकि निशाना चूकने से वह बाल बाल बच गया। तमंचे की आवाज सुनकर जब आसपास के लोग दौड़े तो आरोपी भाग निकले। इस मामले में महेंद्र कुमार ने गांव के विनोद कुमार, अमित पाठक, पंकज, मनोज, विकास व रवींद्र के खिलाफ बलवा, लूट व जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष गोरखनाथ सरोज ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई हेै। आरोपियों की तलाश की जा रही है।