फेसबुक के प्यार ने शादीशुदा महिला को प्रेमी संग पहुंचाया हवालात
पति की सूचना पर महिला व प्रेमी को ले गई बंगाल पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
वजीरगंज गोंडा। फेसबुक पर एक शादीशुदा महिला से दोस्ती व प्यार ने जिले के एक युवक को हवालात पहुंचा दिया है। महिला के पति की शिकायत पर पश्चिम बंगाल पुलिस ने सर्विलांस के जरिए बुधवार को महिला व उसके प्रेमी तक पहुंच गई और दोनों को पकड़कर पश्चिम बंगाल लेकर चली गई।
वजीरगंज थाना क्षेत्र के वेइलिया गांव के रहने वाले युवक लवकुश का फेसबुक पर पश्चिम बंगल की रहने वाली एक विवाहित महिला से दोस्ती हो गई थी। फेसबुक पर चैंटिंग करते करते दोनों एक दूसरे को दिल दे बैठे। दोनों का प्यार परवान चढ़ा तो प्रेमी की खातिर विवाहिता ने अपने पति के घर को छोड़कर लवकुश के पास आने का फैसला कर लिया। 26 मई को वह अपने सात साल की बेटी के साथ अपने प्रेमी के घर पहुंच गई। उधर विवाहिता के पति मुजाहिदुल इस्लाम ने अपनी पत्नी के गायब होने की सूचना कनाईट थाने पर दर्ज कराई। पुलिस ने जब उसकी पत्नी के मोबाइल को सर्विलांस पर लगाया तो उसकी लोकेशन वजीरगंज में मिली। इस पर कनाईट थाने की पुलिस टीम उप निरीक्षक रवि ग्रही की अगुवाई में महिला पुलिस, विवाहिता के पति, उसके भाई व बहन को बुधवार को लेकर वजीरगंज वेइलिया गांव आ धमकी और वजीरगंज पुलिस की सहायता से विवाहिता को उसके प्रेमी के साथ धर दबोचा। एसओ वजीरंगज गोरखनाथ सरोज ने बताया कि विवाहिता व उसके प्रेमी को पश्चिम बंगाल की पुलिस टीम अपने साथ ले गई है।
इनसेट
प्रेमिका की जिद पर झुके परिजन
धानेपुर थाना क्षेत्र के कस्बा धानेपुर में मंगलवार को पुलिस की मदद लेकर अपने प्रेमी की सगाई रोकने वाली प्रेमिका के सामने उसके प्रेमी के परिवारीजनो को झुकना पड़ा। घर वालों ने युवक मोहित की शादी को रद्द करते हुए उसकी शादी उसकी प्रेकिा के साथ कराने का फैसला किया। वहीं कन्या पक्ष के लोगों ने भी मोहित के छोटे भाई के साथ अपने बेटी की सगाई कर माहौल को हंसी खुशी में तब्दील कर दिया। बलरामपुर जिले के महराजगंज की रहने वाली एक युवती ने धानेपुर के रहने वाले मोहित के साथ अपनी अपनी शादी होने का खुलासा करते हुए मंगलवार को मोहित की दूसरी शादी रुकवा दी थी। इसकी जानकारी होने के बाद कन्या पक्ष के लोगों ने भी मोहित के साथ अपनी बेटी का रिश्ता करने से इंकार कर दिया था। धानेपुर पुलिस ने इस मामले का फैसला करने के लिए बुधवार को तीनों पक्षों की पंचायत थाने पर बुलाई थी। पंचायत में मोहित के परिजनों ने प्रेमिका की जिद के आगे झुकते हुए उसकी शादी प्रेमी के साथ करने का फैसला किया। इस फैसले के बाद मोहित से अपनी बेटी का रिश्ता करने से इंकार करने वाले कन्या पक्ष के लोगों ने मोहित के छोटे भाई के साथ अपनी बेटी की सगाई कर माहौल को हंसी खुशी में बदल दिया। एसओ उमेश वाजपेयी ने बताया कि इस मामले में सभी पक्षों ने आपस में सुलह समझौता कर लिया है।