रात भर अंधेरे में रही 30 हजार आबादी
पावर ट्रांसफार्मर में आई खराबी आपूर्ति
26 घंटे बाद बालपुर की आपूर्ति हुई बहाल
डोमाकल्पी क्षेत्र की अभी भी ठप चल रही आपूर्ति
गोंडा/बालपुर। 33/11 केवी बालपुर बिजलीघर में लगे पांच एमबीए के पावर ट्रांसफार्मर में आई खराबी के चलते बालपुर और डोमाकल्पी के दो फीडरों से जुड़े 30 हजार उपभोक्ताओं को बिना बिजली के ही रात गुजारनी पड़ी। 26 घंटे बाद पावर ट्रांसफार्मर के ब्रेकर में आई खराबी को ठीक बालपुर की आपूर्ति बहाल की जा चुकी है जबकि डोमाकल्पी की आपूर्ति अभी भी ठप ठप चल रही है। अवर अभियंता अजय कुमार का कहना है कि तीन से चार घंटे में बंद पड़े डोमाकल्पी फीडर की आपूर्ति भी जल्द बहाल कर दी जाएगी।
गोंडा-लखनऊ रोड पर पडने वाले बालपुर कस्बे और उसके आसपास तीन दर्जन गांवों को बालपुर विद्युत केंद्र से आपूर्ति होती हैै। इसके लिए यहां में 5 एमबीए का एक पावर ट्रांसफार्मर लगा है। इसमें बुधवार की दोपहर 12 बजे अचानक खराबी आ गई। बिजलीकर्मियों के तमाम प्रयासों के बाद भी खराबी को दूर नहीं किया जा सका। इससे तकरीबन 30 हजार आबादी को पूरी रात अंधेरे में दगुजारनी पड़ी। सुबह नाराज लोगों ने इसकी शिकायत मुख्यालय के अफसरों से की। इसके बाद एक टीम भेजकर ट्रांसफार्मर का फाल्ट खोजा गया और उसे ठीक किया गया। इस तरह 26 घंटे बाद 111 केवी बालपुर बाजार सहित उसके इर्द-गिर्द के डेढ़ दर्जन गांवों की आपूर्ति शुरू हो गई। जबकि इतनी ही संख्या में डोमाकल्पी फीडर से जुड़े गांवों की आपूर्ति ठप चल रही है। बिजलीघर के अवर अभियंता अजय कुमार का कहना है कि बालपुर 11 केवी लाइन का फाल्ट ठीक कराकर एक फीडर की सप्लाई चालू कर दी गई है। दूसरी को भी ठीक किया जा रहा है, जल्द इसे भी ठीक कर आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
इनसेट
बालपुर जेई को अबतक नहीं मिला सीयूजी
पावर कारपोरेशन ने अपने सभी जेई को बिजली व्यवस्था का संचालन सुचारू रूप से किए जाने के लिए सीयूजी नम्बर मुहैया करा रखा है। लेकिन बालपुर मे तैनात जेई को अभी तक सीयूजी नम्बर नहीं मिला है। बालपुर जेई के नाम से एक सीयूजी नम्बर भी है, जो वर्तमान मे 220 बिजलीघर के जेई आकाश रावत के पास है। सीयूजी नम्बर जेई को न मिलने से इलाकाई लोगों को बिजली की समस्या दर्ज कराने में दिक्कत हो रही है।