बेटी की शादी न होने से परेशान महिला ने लगाई फांसी
कल्यानपुर गांव का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
नवाबगंज गोंडा। कल्यानपुर गांव में मंगलवार की देर रात एक महिला ने घर के अंदर कमरे में रस्सी के सहारे फंदे से लटकर जान दे दी। महिला के पति का कहना है कि वह बेटी की शादी न होने से परेशान थी। परिवार वालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना नवाबगंज क्षेत्र कल्यानपुर गांव के मजरे लोनियन पुरवा के रहने वाले राम सिंह ने बताया कि वह मजदूरी करके अपने परिवार की राजेी-रोटी का इंतजाम करता था, उसकी बेटी बड़ी हो गई है, इसलिए बेटी शादी की चिंता बढ़ गई थी। राम सिंह के मुताबिक उसकी पत्नी रमावती को बेटी की शादी की चिंता ज्यादा सता रही थी, हर रोज वह बेटी की शादी को लेकर उससे बात किया करती थी। राम सिंह ने बताया कि उसने मंगलवार की राम अपनी पत्नी को समझाया था कि बेटी की शादी के लिए वह पैसों का इंतजाम कर लेगा। राम सिंह ने बताया कि देर रात पत्नी से बातचीत के दौरान ही दोनों सो गए। बुधवार की भोर जब उसकी नींद खुली तो वह पशुओं को चारा देने के लिए घर से बाहर निकल गया। बाद में रमावती को अवाज लगाई। मगर कोई जवाब नहीं मिला, जब वह कमरे में पहुंचा तो उसकी पत्नी रमावती (40) का शव छत के हुक से रस्सी के सहारे फंदे पर लटकता मिला। राम सिंह की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना नवाबगंज के प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।