एक ही रात चार घरों से नकदी, जेवर पर हाथ साफ
मनकापुर(गोंडा)। रविवार की रात चोरों ने दो गांवों के चार घरों में लाखों रुपयों की संपत्ति चुरा ली। वारदात की सूचना पीड़ित परिवारों ने पुलिस को दी है।
मनकापुर कोतवाली क्षेत्र के धुसवा गांव के मजरे बिहारी सिंहपुरवा में चोरों ने कृष्णदेव शुक्ला व झिंकान वर्मा के घरों में घुसकर कमरों का ताला तोड़ डाला और लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। कृष्ण कुमार शुक्ला का परिवार घर के बरामदे में सो रहा था। चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर घर में रखे सोने चांदी के जेवरात, कपड़े, बर्तन और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। पड़ोस के मधईपुर मजरे में भी चोरों ने दो घरों में चोरी की। पहले चोरों ने द्वारिका के घर में छत के सहारे घुसकर कमरे का ताला तोड़ डाला और घर में रखे नगदी बर्तन आभूषण को साफ कर दिया। इसी तरह रामअचल कोरी के घर में घुसकर हजारों रुपये का सामान पार कर दिया। एक ही रात में दो गांव के चार घरों में चोरी से ग्रामीण दहशत में हैं। कोतवाल दद्दन सिंह ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है तहरीर मिलने पर मामले की जांच की जाएगी।