दीवार काट इलाहाबाद बैंक में घुसे चोर
अमर उजाला ब्यूरो
बालपुर (गोंडा)। बालपुर स्थित इलाहाबाद बैंक की शाखा में शनिवार की रात अज्ञात चोर दीवार काटकर बैंक के भीतर घुस गए। चोराें ने बैंक की तिजोरी को काटने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हो सके। सुबह दीवार कटी देख आसपास के लोगों ने बैंक के शाखा प्रबंधक को इस घटना की जानकारी दी। इस मामले मेें बैंक के शाखा प्रबंधक ने पुलिस को तहरीर दी है।
बालुपर स्थित इलाहाबाद बैंक के शाखा प्रबंधक अनूप कुमार शर्मा के मुताबिक वह शनिवार की रात में अज्ञात लोगाें ने बैंक के पीछे की दीवार को काट दिया और बैंक के भीतर घुस गए। चोराें ने बैंक में रखी आलमारी व तिजोरी को काटने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हो सके। सुबह जब पडा़ेस के लोगों ने बैंक की दीवार कटी देखी तो बैंक प्रबंधक को सूचना दी। बैंक में चोरी की खबर से हड़कंप मच गया। कुछ ही देर के भीतर अपर पुलिस अधीक्षक ह्दयेश कुमार, क्षेत्राधिकारी सदर भरत यादव व अन्य पुलिस अफसर मौके पर पहुंचे और मामले की गहराई से छानबीन की। चोरों का पता लाने के लिए डाग स्कॅयड का भी सहारा लिया गया। हालांकि इस पूरी कवायद में चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका। इस मामले में शाखा प्रबंधक अनूप कुमार ने कोतवाली में तहरीर दी है। सीओ ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है।