नौकरी का झांसा देकर दो युवकों से तीन लाख ठगे
करनैलगंज (गोंडा)। कबूतरबाजों ने सऊदी अरब में नौकरी का सब्जबाग दिखाकर दो युवकों से वीजा दिलाने के लिए तीन लाख ठग लिए। कबूतरबाजों ने दोनों युवकों को टूरिस्ट वीजा पर सऊदी अरब के बजाय मलेशिया भेज दिया।
वहां कबूतरबाजों ने दोनों युवकों को एक सेठ से काम के बदले कीमत लेकर बेच दिया। सेठ ने दोनों युवकों से एक माह तक वह वहां काम कराया गया। दोनों ने जब मजदूरी मांगी तो उन्हें मारने-पीटने के बाद पासपोर्ट व वीजा छीनकर सेठ ने उन पर बिना पासपोर्ट व वीजा के मलेशिया में दाखिल होने का आरोप लगाते हुए पुलिस के हवाले कर दिया।
दोनों युवकों ने मलेशिया पुलिस को सच्चाई बताई तो पुलिस ने उनका पासपोर्ट व वीजा दिलवाकर वापस भेज दिया। इस मामले में कोतवाली करनैलगंज में आरोपी तीन लोगों के खिलाफ जालसाजी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र के ग्राम वीरपुर बेलपुर निवासी अमीर अहमद ने रविवार को कोतवाली में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा है कि उसका पुत्र इब्ने हसन व दामाद महफूज बेरोजगार हैं। दोनों को नौकरी दिलाने के लिए वह काफी दिनों से प्रयास कर रहा था।
इसी बीच उसे पता चला कि फैजाबाद जनपद के इनायत नगर थाना क्षेत्र के अकरबा तरौली सेवरा गांव के रहने वाले आरिफ, महफज व मकसूद वीजा एजेंट हैं और वह तीनों लोगों को सऊदी अरब भेजकर नौकरी दिलाते हैं, कई लोगों को सऊदी अरब में नौकरी भी दिला चुके हैं।
अमीर अहमद ने बताया कि उसने तीनों से मुलाकात करके बात की तो तीनों ने उसे डेढ़ लाख रुपए प्रति व्यक्ति के हिसाब से रुपए की मांग की। इसके बाद उसने उन्हें एक लाख अस्सी हजार रुपए का चेक व एक लाख बीस हजार रुपए नकद दे दिए।
तीन लाख रुपये देने के बाद एजेन्टों ने दोनों को सऊदी अरब भेजने के बजाय मलेशिया का बीजा थमा दिया। जब उससे बात की गई तो बताया कि मलेशिया में नौकरी मिली है, देकर मलेशिया भेज दिया। अमीर अहमद ने बताया कि उसका बेटा और दामाद मलेशिया पहुंचे तो वह एक व्यक्ति मिला, वह दोनों को अपने घर ले गया और काम पर लगा दिया।
जब दोनों ने पैसा मांगा तो बताया कि उसने दोनों को मोटी रकम देकर खरीद लिया है। इसके बाद उस व्यक्ति ने एक माह तक दोनों से जबरन काम कराया। पैसा मांगने पर उसने दोनों को मारपीटा और वीजा व पासपोर्ट छीनकर दोनों पर बिना वीजा व पासपोर्ट के मलेशिया में दाखिल होने का आरोप लगाते हुए पुलिस के हवाले कर दिया।
इब्ने हसन और महफूज ने जब मलेशिया पुलिस को सच्चाई बताई तो पुलिस ने दोनों का वीजा व पासपोर्ट दिलवाकर उन्हें वापस भेज दिया। अमीर अहमद ने कोतवाली करनैलगंज में आरिफ, महफज व मकसूद के खिलाफ जालसाजी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाल वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।