घर से बुलाकर ले गए युवक को मार डाला
गोंडा। घर से बुलाकर संग ले गए एक युवक को उसके साथी ने मार डाला और शव को अल्लीपुर बाजार में शराब की एक दुकान के समीप फेंक दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मामले में युवक के चाचा ने थाना खोड़ारे में आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है।
थाना खोड़ारे क्षेत्र के कूकनगर ग्रांट गांव के मजरे एडीएम बंगला के रहने वाले बनारसी ने बताया कि उसका भतीजा राजेश वर्मा (20) सोमवार की दोपहर बाद गांव के एक युवक के साथ घर से निकला था।
मगर वह देर शाम तक घर वापस नहीं लौटा। बनारसी ने बताया कि राजेश के छोटे भाई राकेश वर्मा ने सोमवार की शाम चार बजे राजेश के मोबाइल पर काल किया तो उसने बताया कि वह खोड़ारे बाजार में है।
बनारसी ने बताया कि जब वह उसके बाद भी घर नहीं पहुंचा तो राजेश को दोबारा फोन लगाया गया। मगर उसके मोबाइल का स्विच ऑफ मिला। बनारसी के मुताबिक गांव के जिस युवक के साथ राजेश घर से गया था, जब उसे काल किया गया तो उसने बताया कि राजेश अल्लीपुर बाजार में पड़ा है, उसके बाद से वह मोबाइल स्विच आफ करके फरार हो गया।
बनारसी का कहना है कि गांव का जो युवक उसके भतीजे को बुलाकर ले गया था, उसी ने राजेश की हत्या करने के बाद शव को अल्लीपुर बाजार में फेंक दिया और फरार हो गया।
थाना खोड़ारे के प्रभारी निरीक्षक बृजेंद्र पटेल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।