दोस्तों ने हत्या कर तालाब में फेंका शव
परसपुर। कोडनी बेलमत्थर गांव के रहने वाले एक युवक को सोमवार की शाम घर से निमंत्रण में बुलाकर ले गए दो दोस्तों ने उसकी हत्या करके शव को गांव के समीप तालाब में फेंक दिया। मंगलवार की सुबह उसका शव गांव के समीप तालाब में उतराता मिला।
मामले में युवक के पिता ने थाना परसपुर में दो दोस्तों के खिलाफ हत्या का साक्ष्य छिपाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना परसपुर क्षेत्र के कोडनी बेलमत्थर गांव के रहने वाले विश्वनाथ प्रजापति ने बताया कि उसका बेटा संतोष सोमवार की शाम छह बजे निमंत्रण में जाने के लिए अपने दोस्त प्रदीप कुमार निवासी बरईन पुरवा एवं राजकुमार निवासी अकोहरी के साथ कहकर घर से बाइक से निकला था।
मगर वह देर रात घर वापस नहीं लौटा। विश्वनाथ के मुताबिक पूरी रात वह बेटे का इंतजार करते रहे। मंगलवार की सुबह वह अपने भाई जयराम प्रजापति व भतीजे विजय कुमार के साथ बेटे की तलाश करते प्रदीप के घर पहुंचे तो प्रदीप ने बताया कि वह राजकुमार के साथ संतोष गांव के समीप सड़क पर छोड़कर अपने घर चला गया था।
विश्वनाथ ने बताया कि वह सभी प्रदीप के साथ राजकुमार के घर पहुंचे तो वह फरार था, गांव के समीप सड़क किनारे तालाब में उसके बेटे का शव उतराता मिला। सड़क पर खून के छींटे पड़े थे। विश्वनाथ का आरोप है कि उसके बेटे की प्रदीप व राजकुमार ने मिलकर हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को तालाब में फेंक दिया।
विश्वनाथ प्रजापति ने थाना परसपुर में प्रदीप व राजकुमार के खिलाफ हत्या व साक्ष्य छिपाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष परसपुर मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि हत्या के मोटिव का पता नहीं चल सका है। हत्या के मोटिव की तलाश की जा रही है।
विश्वनाथ प्रजापति ने बताया कि उसके तीन बेटियों में अनिल कुमारी, रेनू व राजकुमारी के बीच संतोष इकलौता बेटा था। बेटे की हत्या से पिता विश्वनाथ व मां रामावती के बुढ़ापे का सहारा टूट गया। विश्वनाथ बिलखते हुए बताते हैं कि उसके बेटे की किसी से दुश्मनी भी नहीं थी। उसके बाद भी दोस्तों ने उसकी हत्या कर दोस्ती के रिश्ते को दागदार कर दिया।