बालपुर (गोंडा)। हरियाली के लिए सरकार पौधरोपण अभियान चला रही है। वन विभाग के साथ सभी सरकारी विभागों को पौधरोपण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ऐसे में देहात पुलिस हरे पेड़ कटवाने का दो हजार रुपये मेें अवैध कटान कराने वालों के साथ मिलकर सौदा कर रही है। ऐसा ही अवैध कटान कराने वाले ठेकेदार व देहात कोतवाली के एक सिपाही का ऑडियो वायरल हुआ है। ऑडियो वायरल होने के बाद देहात पुलिस सुर्खियों में आ गई है।
मामला कोतवाली देहात क्षेत्र के ठकुरापुर हल्का का है। कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र के हड़ियागाड़ा गांव का रहने वाला एक ठेकेदार देहात पुलिस की मिलीभगत से हरे पेड़ों की अवैध कटान कराता है। कोतवाली देहात के सिपाही राजकुमार राना का अवैध कटान कराने वाले ठेकेदार से बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
ऑडियो में सिपाही राना ठेकेदार से आम का हरा पेड़ कटवाने के लिए दो हजार की मांग कर रहा है, जबकि ठेकेदार संकेत में 5 यानि पांच सौ रुपये देने की बात कह रहा है। इसी तरह के और दो ऑडियो वायरल हो रहे हैं। इसमें ठेकेदार रुपये देने के लिए सिपाही को बुला रहा है। जब ठेकेदार सिपाही से पूछता है कि जिसको बताएं उसको रुपये दे दें तो सिपाही बोल रहा है कि किसी को नहीं देना, हमको ही देना।
एक अन्य ऑडियो मेें सिपाही पेड़ कटवाने के लिए दरोगा जी से मिलने की बात कह रहा है। पेड़ कटवाने का ऑडियो वायरल होने से देहात पुलिस सुर्खियों में आ गई है। कोतवाली देहात के हल्का दरोगा प्रदीप सिंह ने बताया कि रवि सिंह निवासी हड़ियागाड़ा ने आम का हरा पेड़ वन विभाग की अनुमति के बिना कटवाया था। उसके खिलाफ 9 अगस्त को कोतवाली देहात में वन अधिनियम के तहत केस दर्ज कराया गया है। सिपाही राज कुमार राना से रवि सिंह की बातचीत का ऑडियो वायरल हुआ है। इससे उनका कोई सरोकार नहीं है। (संवाद)