फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: घर में लूटपाट, दो को मारी गोली

Fri, 24 Feb 2023 11:54 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
घटना की जांच पड़ताल करती पुलिस।
विज्ञापन
करनैलगंज (गोंडा)। क्षेत्र के धमसड़ा गांव में गुरुवार देर रात छत के रास्ते किसान के घर में घुसे बदमाशों ने लूटपाट शुरू कर दी। विरोध पर बदमाशों ने पड़ोस के किशोर व परिवार के एक व्यक्ति को गोली मार दी और नकदी व गहने लूट लिए।
विज्ञापन


ग्रामीण जुटने लगे तो बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए भाग गए। घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से किशोर को गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गय। पुलिस ने फोरेंसिक टीम, डॉग स्क्वाएड व एसओजी के साथ मौका मुआयना कर छानबीन की। चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने छानबीन शुरू की है।

धमसड़ा गांव के किसान हरीत कुमार मिश्र का परिवार गुरुवार रात सो रहा था। देर रात करीब तीन बजे छत के रास्ते चार बदमाश उनके घर में घुसे और कमरों की कुंडी बाहर से बंद कर दी। इसके बाद बदमाश एक कमरे में अलमारी तोड़ने लगे।
विज्ञापन



पड़ोसी अमरेश पांडेय का बेटा सिद्धांत पांडेय उर्फ लिटिल (15) उस समय हाईस्कूल की परीक्षा देने के लिए पढ़ाई कर रहा था। सिद्धांत ने बदमाशों को देखा तो शोर मचाना शुरू कर दिया। इस पर एक बदमाश ने तमंचे से उसे गोली मार दी। तब तक घर के बाहर सो रहे हरीत के परिजन भी जाग गए।


हरीत के चचेरे भाई सुशील मिश्र (40) ने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की तो एक ने उन्हें भी गोली मार दी। गोलियां चलने की आवाज सुनकर गांव के लोग शोर मचाते हुए घेराबंदी करने लगे तो बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए भाग गए।


ग्रामीणों ने सिद्धांत व सुशील को करनैलगंज सीएचसी पहुंचाया। वहां सिद्धांत की हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल भेज दिया। जहां से सिद्धांत को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। घायल सुशील ने बताया कि बदमाश 25 हजार रुपये की नकदी, सोने-चांदी के गहने समेत अन्य सामान लूट ले गए हैं।


सीओ करनैलगंज विनय कुमार सिंह, इंस्पेक्टर सुधीर कुमार सिंह, एसओजी प्रभारी संतोष कुमार सिंह फोरेंसिक टीम व डॉग स्क्वाएड के साथ मौका मुआयना किया। खोजी कुत्ते ने घर के चारों ओर चक्कर लगाया फिर एक तरफ जाकर रुक गया। हरीत के परिजनों के मुताबिक उसी तरफ से बदमाश भागे थे।



लाउडस्पीकर की आवाज का बदमाशों ने उठाया फायदा

धमसड़ा गांव में हरीत के पड़ोसी दिनेश मिश्र के यहां गुरुवार को श्रीरामचरित मानस का अखंड पाठ चल रहा था। इसके लिए उनके घर की छत पर लाउडस्पीकर लगे थे। जिसकी तेज आवाज के चलते बदमाशों के घर में घुसने की हरीत व उनके परिजनों को जानकारी नहीं हो सकी।



एक दिन पहले ही तीन घरों में हुई थी चोरी

धमसड़ा गांव के हरीत के घर में इससे पहले 24 जनवरी को भी बदमाशों ने धावा बोला था मगर ग्रामीणों के शोर मचाने पर उन्हें भागना पड़ा था। यही नहीं 22 फरवरी की रात ही गांव के तीन घरों में चोरी हुई थी। तीनों मामलों में कोतवाली में तहरीर दी गई थी। मगर हल्का दरोगा अंकित सिंह तहरीर दबाए रहे और रिपोर्ट दर्ज नहीं की। उन्होंने जांच का हवाला देकर न सिर्फ मामले को टरका दिया बल्कि गांव में गश्त तक नहीं बढ़ाई। इसी के चलते इतनी बड़ी वारदात हो गई।

लूटपाट की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर भेजी गई थी। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाएड भी मौके पर भेजकर सुराग जुटाए गए हैं। चश्मदीद हरीत कुमार मिश्र की तहरीर पर करनैलगंज कोतवाली में चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। खुलासे के लिए एसओजी समेत दो टीमें लगाई गई हैं। वारदात में घायल सिद्धांत को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है। - आकाश तोमर, एसपी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें