दुबहा बाजार (गोंडा)। कौड़िया थाना क्षेत्र के गौरवा जानीपुर गांव में एक बुजुर्ग की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। इधर, पुलिस ने बताया कि बुजुर्ग के चचेरे भाई ने अगवा की झूठी सूचना दी थी।
कौड़िया थानाध्यक्ष विद्यासागर पांडेय ने बताया कि कटरा बाजार थाना क्षेत्र के भैरमपुर जाटन पुरवा निवासी परमेश्वर विश्वकर्मा तीन दिन पहले कौड़िया थाना क्षेत्र के गौरवा जानीपुर गांव में अपनी बहन के घर आया था। बुजुर्ग के चचेरे भाई दीनानाथ विश्वकर्मा निवासी जाटन पुरवा ने 28 नवंबर को पुलिस को सूचना दी कि परमेश्वर को गौरवा जानीपुर गांव में अगवा कर लिया गया है। पुलिस दीनानाथ को लेकर गौरवा जानीवपुर गांव पहुंची। वहां पर परमेश्वर अपनी बहन के घर मिल गए। बुजुर्ग ने पुलिस को बताया कि वह अपनी इच्छा बहन के घर आया है, उसे किसी ने अगवा नहीं किया। इसी बीच सोमवार की देररात बहन के घर में ही संदिग्ध हालात में परमेश्वर की मौत हो गई।
प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक, दीनानाथ ने कंट्रोल रूम को सूचना दी कि परमेश्वर की हत्या कर दी गई है। परमेश्वर घर का अकेला था उसकी पत्नी और बच्चे नहीं है। चचेरे भाई दीनानाथ ने परमेश्वर की संपत्ति को वसीयत करा ली थी। इसलिए उसे डर था कि बुजुर्ग अपनी संपत्ति कहीं बहन के नाम से रजिस्ट्री न कर दे। इसलिए दीनानाथ ने अगवा करने झूठी सूचना दी थी। बताया कि शव को पोस्टमार्टम को भेजा गया है।