गोंडा में करनैलगंज के कैथौली गांव में बवाल के बाद तैनात पुलिस। -संवाद
- फोटो : GONDA
करनैलगंज (गोंडा)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कैथौली में मंगलवार देर रात विवादित जमीन पर कब्जेदारी के विवाद में पहुंची पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया था। मामले में बुधवार को पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। वहीं, पुलिस ने सपा अधिवक्ता सभा के निर्वमान प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप कुमार यादव को भी गिरफ्तार किया है।
मंगलवार की देर रात कैथौली गांव में हुई मारपीट व पथराव की घटना को लेकर पुलिस ने दो मुकदमे दर्ज किए हैं। जिसमें पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। कैथौली गांव निवासी दृगपाल यादव पुत्र ननकऊ की तहरीर पर 10 लोगों के खिलाफ बलवा व पथराव समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कराया गया है। जिसमें पांच महिलाएं भी शामिल हैं। वहीं, भंभुआ चौकी प्रभारी उमेश सिंह ने सपा अधिवक्ता सभा के निर्वतमान प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप कुमार यादव समेत दस लोगों पर केस दर्ज किया है। आरोप है कि हमलावर जिस वाहन (यूपी-32, केडी 4444) से आए थे, उस पर विधायक लिखा है और समाजवादी पार्टी का झंडा लगा था। साथ में छह-सात लोग और जमीन पर कब्जा करवा रहे थे। पुलिस की ओर से भी रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
भंभुवा चौकी प्रभारी का आरोप है कि दीवानी स्टे के बाद भी एक पक्ष के लोग जनरेटर चलाकर मकान की छत डालने के लिए शटरिंग लगवा रहे थे। मना करने पर पुलिस बल पर जान से मारने की नियत से सरिया व लाठी लेकर हमला कर दिया गया। इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामले में समाजवादी पार्टी अधिवक्ता सभा के निर्वतमान प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप कुमार यादव निवासी ग्राम भदरौली कैसरगंज के साथ मुन्ना लाल यादव, जयप्रकाश, सूरज यादव, राहुल गौतम, फूलमता, श्याम पति, रेशमा, आंचल, राजकुमारी निवासी ग्राम कैथौली के विरुद्ध जानलेवा हमला, सरकारी काम में बाधा समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज हुआ है। पुलिस ने आरोपी प्रदीप कुमार यादव के साथ जयप्रकाश, राहुल यादव, सूरज यादव श्याम पति को गिरफ्तार किया गया।
गोंडा में करनैलगंज के कैथौली गांव में खड़े वाहन। -संवाद- फोटो : GONDA