गोंडा के कोविड अस्पताल में भर्ती मरीज का पल्स नापते नर्सिंग ऑफीसर चंदन मिश्र। -संवाद
गोंडा। जिले में एक बार फिर कोरोना संक्रमण पांव पसारने लगा है। मंगलवार को झंझरी विकासखंड के दसियापुर के रहने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। युवक को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने का आदेश होने पर पुलिस ने कोविड टेस्ट कराया तो रिपोर्ट पॉजीटिव आने से हड़कंप मच गया। बंदी को पुलिस अभिरक्षा में कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
करीब सात महीने बाद कोविड अस्पताल में मरीज भर्ती होने के बाद सक्रियता बढ़ गई। इस बंदी के साथ जिले में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या दो हो गई है। एक मरीज होम आइसोलेशन में रहकर इलाज करा रहा है। कोरोना संक्रमण को देखते हुए सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा ने जांच बढ़ाने का निर्देश दिया है।
जिला अस्पताल, जिला महिला अस्पताल, सीएमओ कार्यालय स्थित कंट्रोल रूम, रेलवे अस्पताल के अलावा सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर कोरोना की जांच कराई जा रही है। मंगलवार को 524 लोगों की एंटीजन किट से जांच कराई गई। जबकि 426 लोगों का सैंपल लेकर आरटीपीसीआर जांच के लिए भेजा गया।
कोरोना के का केस खत्म होने के बाद से वेंटीलेटर टेक्नीशियन सहित अन्य कर्मचारियों का सेवा विस्तार का पत्र नहीं आया। लेकिन करीब सात महीने के बाद जब फिर मरीज भर्ती हुआ तो वेंटीलेटर टेक्नीशियन पवन मिश्र, स्टाफ नर्स मंदाकिनी जायसवाल, नर्सिंग ऑफिसर चंदन मिश्र, स्टाफ नर्स लक्ष्मी सिंह, व वार्ड बॉय हजारी लाल इलाज में जुट गए।