गोंडा। यूपी बोर्ड के कॉपियों का मूल्यांकन जिले के पांच केंद्रों पर शनिवार को शुरू हुआ। माध्यमिक शिक्षक संघ (चेतनरायन गुट) के पदाधिकारियों ने मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार किया। इधर, केंद्रों पर पहले दिन परीक्षकों के प्रशिक्षण और कॉपियों का आदर्श मूल्यांकन हुआ। जिसमें 1900 कॉपियां जांची गईं। डीआईओएस राकेश कुमार ने बताया कि शिक्षक संघ के विरोध में स्थानीय कोई मुद्दा नहीं है।
उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन जिले के जिगर इंटर कॉलेज, शहीदे आजम भगत सिंह इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, विवेकानंद इंटर कॉलेज में शनिवार को मुख्य परीक्षकों के साथ ही स्टेटिक मजिस्ट्रेट की निगरानी में शुरू हुआ। शिक्षक संगठन के एकगुट ने मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार कर विरोध प्रदर्शन किया।
जिलाध्यक्ष राजेश कुमार पांडेय, अखंड प्रताप सिंह, आनंद सिंह आदि पदाधिकारियों ने बताया कि शिक्षकों की मांगे पूरी की जाएं। केंद्रों पर मूल्यांकन का कार्य शुरू कराकर विभाग ने खाता खोल लिया है।
-
नए सत्र में 10 सुझावों पर विचार
गोंडा। रेलवे गांधी विद्यालय इंटर कालेज में नए शैक्षिक सत्र के संचालन के लिए प्रधानाचार्यों की कार्यशाला हुई। जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने कहा शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए सभी लोग सामूहिक प्रयास करें। प्रधानाचार्य अजय कुमार श्रीवास्तव ने शैक्षिक पंचांग के बारे में जानकारी दी और सुझाव मांगे। अलग-अलग 10 महत्वपूर्ण सुझावों पर विचार विमर्श किया गया। माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री राधा मोहन पांडेय ने नए शैक्षिक सत्र जुलाई से किए जाने का सुझाव दिया। परीक्षा के दौरान अधिक छात्र संख्या आवंटित न किए जाने और वर्तमान में स्कूल का समय सुबह दस से चार बजे तक किए जाने की मांग की। दयानंद इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य प्रतिभा त्रिपाठी ने कहा कि बोर्ड परीक्षा में कक्ष निरीक्षण कार्य करने वाले शिक्षकों का पारिश्रमिक सहित अन्य मदों का पैसा बढ़ाए जाने की आवश्यकता है। शिवशंकर पांडेय, ओंकार नाथ शुक्ल ने भी सुझाव दिए। संचालन राजेश द्विवेदी ने किया।