गोंडा। तरबगंज तहसील के मुकुंदपुर स्थित बाराही देवी मंदिर की कथित महंत की ओर से ट्रस्ट बनाने को लेकर विवाद छिड़ गया है। मंदिर के भूमि स्वामी व पूर्व विधायक अजय प्रताप सिंह उर्फ लल्ला भैया की ओर से नियुक्त मेला प्रबंधक ने महंत व एक अन्य महिला को विधिक नोटिस देकर कथित ट्रस्ट निरस्त न कराने की दशा में सिविल व आपराधिक केस दर्ज कराने की चेतावनी दी है।
करनैलगंज के पूर्व विधायक अजय प्रताप सिंह उर्फ लल्ला भैया की ओर से नियुक्त मेला प्रबंधक रामपाल सिंह के अधिवक्ता आरएस वर्मा ने बाराही देवी मंदिर की कथित महंत साध्वी रामा व एक अन्य महिला निर्मला देवी सैनी को कानूनी नोटिस भेजा है। इसमें कहा कि मंदिर जिस भूमि में बना है उसका मालिकाना हक वर्तमान में अजय प्रताप सिंह उर्फ लल्ला भैया के पास है। मेले का प्रबंधन व पूजापाठ का इंतजाम उनकी ओर से नियुक्त व्यक्ति द्वारा कराया जाता है मगर मंदिर की जमीन हड़पने के लिए साध्वी रामा ने अन्य लोगों के साथ मिलीभगत करके फर्जी ट्रस्ट बनाया है। नोटिस में फर्जी ट्रस्ट निरस्त कराकर 15 दिन में भू-स्वामी लल्ला भैया अथवा मेला प्रबंधक रामपाल सिंह को सूचित करने के लिए कहा गया है। ऐसा न होने पर सिविल व आपराधिक केस दर्ज कराया जाएगा।