गोंडा। जिले में तेजी से पांव पसार रही संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए डीएम नेहा शर्मा ने जिला स्तरीय कंट्रोल रूम के अलावा सभी ब्लाॅकों में कंट्रोल रूम बनाने का सख्त निर्देश दिया है। डेंगू-मलेरिया की रोकथाम के लिए सभी निकाय व ग्राम पंचायतों को निर्देश दिया गया है। डीएम ने कहा कि जिले में बड़ी संख्या में लोग वायरल बुखार व डेंगू से पीड़ित हैं। सभी नगर पंचायत व ग्राम पंचायतों में प्रतिदिन सफाई अभियान चलाने के साथ फॉगिंग व छिड़काव किया जाए। सीएमओ कार्यालय में संक्रामक विभाग के कंट्रोल रूम के प्रभारी हर रोज जिलाधिकारी कार्यालय को रिपोर्ट करेंगे। किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीपीआरओ के अलावा सभी ईओ, बीडीओ प्रतिदिन सफाई अभियान का निरीक्षण कर दैनिक रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।