गोंडा। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने यात्रियों की सुविधा के लिए नई व्यवस्था लागू की है। परिवहन निगम ने जिले के 15 लोकल रूटों पर 32 से 40 सीटर अनुबंधित बसों को चलाने का निर्णय लिया है। लोकल रूट के बसों के संचालन से बड़ी संख्या में यात्रियों को आवागमन में राहत मिलेगी। विभाग का दावा है कि इस हफ्ते में बसों का संचालन शुरू हो जाएगा।
जिले के लोकल रूटों पर परिवहन निगम की बसों का संचालन न होने से यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने में परेशान होना पड़ रहा था। यात्रियों की असुविधा को देखते हुए परिवहन निगम प्रशासन ने नई व्यवस्था लागू की है। जिले के 15 लोकल रूटों पर 32 से 40 सीटर अनुबंधित बसों को दौड़ाने की तैयारी है। लोकल रूटों पर बसों के संचालन से संसाधन के लिए लोगों को अब टैक्सी के इंतजार नहीं करना पड़ेगा। यात्रियों की सुविधा के लिए जल्द ही इन रूटों पर संचालन शुरू हो जाएगा। इससे यात्रियों को सहूलियत मिलेगी। विभाग की ओर से दावा किया जा रहा है कि हर हाल में एक सप्ताह के अंदर बसों का संचालन शुरू हो जाएगा।
परिवहन निगम के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक कपिलदेव ने बताया कि लोकल रूट के यात्रियों को सहूलियत देने के लिए 15 रूटों का निर्धारण किया गया है। इन रूटों पर 32 से 40 सीटर छोटी बसों का संचालन किया जाएगा। इससे बसें लोकल रूटों पर दो से तीन फेरे लगाएंगी। बस चालकों व परिचालकों को समय से फेरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं।