गोंडा के गांधीपार्क में सफाई कर्मियों की बैठक को संबोधित करते मंडल अध्यक्ष नरसिंह नरायन पांडेय
गोंडा। पुरानी पेंशन की मांग के लिए नौ नवंबर को जिला मुख्यालय पर शंखनाद रैली होगी। जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन भेजा जाएगा। इसको लेकर सोमवार को गांधीपार्क में बैठक करके रणनीति बनाई गई।
मंडल अध्यक्ष नरसिंह नारायण पांडेय ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर गांधी पार्क टाउन हॉल के प्रांगण में शंखनाद रैली का आयोजन किया जाएगा। इसमें सफाई कर्मचारी एकत्र होकर पुरानी पेंशन की मांग करेंगे। संघ के जिलाध्यक्ष राघवेंद्र तिवारी ने बताया कि इस रैली में शिक्षक, अधिकारी व कर्मचारी भी शामिल होंगे। टाउन हॉल से आंबेडकर चौराहा होते हुए जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा जाएगा। महामंत्री शिवराम शुक्ला ने बताया कि जनपद के 16 विकास खंड से कर्मचारी शामिल होंगे। प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए ब्लॉकवार जिम्मेदारी दी गई है। बैठक में लखन लाल, श्रीप्रकाश मिश्रा, बेचू लाल, अतुल तिवारी, फौजदार पांडेय, अरुण चतुर्वेदी, सरिता कश्यप, रामरती, पूनम सिंह उपस्थित रहे।