गोंडा। बेलसर के खंड शिक्षा अधिकारी और उनके ड्राइवर पर धन उगाही व उत्पीड़न के आरोपों में महानिदेशक से शिकायत की गई है। वहीं, विशिष्ट बीटीसी वेलफेयर एसोसिएशन ने शिकायती लेटर पैड को फर्जी करार दिया है। बीएसए से लिखित शिकायत कर जांच व कार्रवाई की मांग की गई है। बेसिक शिक्षा विभाग में लगातार फर्जी लेटर और फोन कॉल्स से गंभीर आरोपों के मामले सामने आ रहे हैं।
विशिष्ट बीटीसी वेलफेयर एसोसिएशन जिला मंत्री सतीश पांडेय ने बताया कि बेलसर ब्लॉक में खंड शिक्षा अधिकारी ध्रुव कुमार जायसवाल और चालक सचिन दुबे तैनात हैं। पिछले 16 सितंबर को संगठन के फर्जी लेटर पैड से खंड शिक्षा अधिकारी और उनके चालक पर पैसे मांगने और लगातार उत्पीड़न की शिकायत की बात सामने आई थी। सतीश ने बताया कि संगठन की ओर से कोई शिकायत नहीं की गई है। बल्कि फर्जी लेटर पैड का इस्तेमाल किया गया है। शिकायती पत्र में संगठन के किसी पदाधिकारी का हस्ताक्षर भी नहीं मिला है।
बीएसए प्रेमचंद यादव ने बताया कि मामले की शिकायत पंजीकृत डाक के जरिए महानिदेशक से की गई थी। इसके बाद जांच पड़ताल शुरू की गई थी, लेकिन लेटर पैड फर्जी बताया गया है। गौरतलब है कि पिछले चार सितंबर को कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में अंशकालिक, पूर्णकालिक और उर्दू शिक्षकों की नियुक्ति में भी बीएसए कार्यालय का स्टाफ बताकर अभ्यर्थियों से पैसे की मांग की शिकायत की गई थी।