गोंडा। जिला महिला अस्पताल में सिजेरियन प्रसव के दौरान इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर डीएम से शिकायत की गई है। मोतीगंज के दलपतपुर निवासी सूर्यप्रकाश तिवारी ने जिलाधिकारी नेहा शर्मा को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया कि उसकी बहन डॉली का ऑपरेशन 15 जून को महिला अस्पताल की एक डॉक्टर ने किया था। सिजेरियन प्रसव के बाद तीन दिन तक डॉक्टर व स्वास्थ्यकर्मी देखने तक नहीं आए। हालत गंभीर होने पर आनन-फानन रेफर कर दिया गया। जिस पर चार दिन तक शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज चला मगर हालत नहीं सुधरी। लखनऊ के एक अस्पताल में प्रसूता का इलाज चल रहा है, जिसकी हालत गंभीर है। सूर्यप्रकाश ने जिलाधिकारी व कोतवाली नगर में शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।