मनकापुर सीएचसी में भर्ती मोतीगंज के हड़हवा निवासी शिकायतकर्ता बालगोविंद। - संवाद
गोंडा। संपूर्ण समाधान दिवस में शनिवार को मनकापुर तहसील में डीएम व एसपी के समक्ष अपनी परेशानी सुनाने पहुंचा एक युवक गश खाकर गिर गया। इससे तहसील सभागार में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद अफसरों ने उसे इलाज के लिए सीएचसी भिजवाया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है। पीड़ित का आरोप है कि उसकी जमीन कब्जाने के मामले क्षेत्रीय पुलिस पक्षपात पूर्ण कार्रवाई कर रही है।
शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कमिश्नर व डीआईजी ने सदर तहसील में जबकि डीएम नेहा शर्मा व एसपी विनीत जायसवाल ने मनकापुर तहसील में पहुंच कर पीड़ितों की शिकायतों को सुनने के साथ समयबद्ध स्तर पर उनके गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का निर्देश दिया। इस दौरान चारों तहसील में 335 मामले दर्ज हुए। इनमें से 29 मामलों को पक्षकारों की सहमति के आधार पर मौके पर ही निपटाया गया। अन्य मामले समयबद्ध निस्तारण के निर्देश के साथ संबंधित विभागों को भेज दिए गए। इसमें सर्वाधिक मामले जमीन विवाद से जुड़े रहे।
मनकापुर तहसील सभागार में फरियादियों की समस्या सुन रहे डीएम व एसपी के समक्ष दोपहर एक बजे अपनी परेशानी बताने पहुंचा मोतीगंज हड़हवा निवासी बाल गोविंद तहसील अचानक गश खाकर गिर पड़ा। उसे इलाज के लिए मनकापुर सीएचसी भिजवाया गया। जहां उसकी हालत ठीक बताई जा रही है। साथ आई बुआ कलावती ने बताया कि बालगोविंद की जमीन पर गांव के ही कुछ दबंग कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। बीते चार माह से वह मोतीगंज पुलिस से इसकी शिकायत कर रहा है। मगर दूसरे पक्ष से मिली पुलिस उसकी शिकायत को लगतारा अनदेखा कर रही है। डीएम व एसपी ने तहसील व पुलिस के अफसरों को 24 घंटे में मामले की जांच कर रिपोर्ट देने के लिए निर्देशित किया है।
थाना छपिया ग्राम बेलडीहा हड़िया की दिव्यांग उमरावती जब हाथ के सहारे किसी तरह चलते हुए अपनी परेशानी बताने तहसील सभागार पहुंचीं तो डीएम ने खुद उसके पास जाकर शिकायत को सुना। उन्होंने मौके पर मौजूद बीडीओ को पीड़िता के लिए आवास व रास्ता बनाने का निर्देश दिया।
गोंडा सदर तहसील में शिकायतों की सुनवाई करने पहुंचे कमिश्नर शशिभूषण लाल सुशील व डीआईजी अमरेंद्र प्रसाद सिंह से पीड़ितों ने मृत्यु प्रमाणपत्र न बनने की शिकायत की। इस पर सीडीओ अंकिता जैन को तत्काल व्यवस्था दुरुस्त बनाने के लिए निर्देशित किया। इटियाथोक निवासी एक विक्षिप्त से फर्जी बैनामा कराने के मामले में डीएम नेहा शर्मा को पूरे मामले की जांच कराकर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा गया। इसके साथ ही अजय कुमार शुक्ल ने जीर्णोद्धार कार्यों में गड़बड़ी तो तरबगंज में शिल्पी देवी, राम कुमार समेत अन्य ने चकमार्ग पर कब्जे समेत अन्य शिकायतों के निस्तारण की मांग उठाई।