गोंडा। करनैलगंज नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक में देश में पालिका की स्वच्छता रैंकिंग का मुद्दा छाया रहा। ऐसे में मेटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) सेंटर बनाने पर सहमति बनी।
इस बार बोर्ड बैठक बंद कमरे में आयोजित की गई। सभी 25 वार्डों के सभासद बोर्ड बैठक में शामिल हुए। अधिशाषी अधिकारी धनुषधारी सिंह ने बताया कि सभी सभासदों से वार्ड की समस्याओं से संबंधित प्रस्ताव मिले हैं। स्ट्रीट लाइट से लेकर नाली, रोड और फोरलेन के बीच जाली लगाकर पौधरोपण समेत कई अहम फैसले लिए गए। बोर्ड बैठक के दौरान एमआरएफ सेंटर बनाने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि एमआरएफ सेंटर के लिए डीएम स्तर से कमेटी गठित की गई है। मगर नगर पालिका क्षेत्र में एमआरएफ बनाने के लिए जमीन नहीं मिल सकी है। इससे स्वच्छता रैंकिंग पर असर पड़ रहा है। ऐसे में अब जमीन खरीदकर निर्माण कराया जाएगा। इतना ही नहीं, सुंदरीकरण के अलावा जर्जर मार्गों की मरम्मत समेत अन्य मांगें सभासदों ने रखी है।
बोर्ड बैठक में कैसरगंज सांसद करण भूषण सिंह और विधायक अजय कुमार सिंह शामिल नहीं हुए। उनकी जगह सांसद प्रतिनिधि संजीव सिंह और विधायक प्रतिनिधि शंकर प्रताप सिंह बैठक में शामिल हुए। नगर पालिका अध्यक्ष रामलली मोदनवाल ने बताया कि बोर्ड बैठक काफी शांतिपूर्ण रही। नपाप के विकास के लिए अहम फैसलों पर सहमति बनी। बैठक में चेयरमैन प्रतिनिधि रामजीलाल मोदनवाल व सभी सभासद मौजूद रहे। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसडीएम भारत भार्गव व क्षेत्राधिकारी उमेश्वर सिंह के साथ पुलिस बल भी तैनात किया गया था।