गोंडा। ठंडी हवाओं के कारण व्याप्त गलन से ठंड का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को मौसम के बदले मिजाज से दिन भर आसमान पर बादल छाए रहे।
इस कारण सूरज की चमक तक लोगों को नहीं दिखी। ऐसे में ठंडी हवाओं ने लोगों को खूब कंपकंपाया।
दिन भरी चल रही पछुआ हवा ने ठंड और गलन काफी बढ़ा दी है। ठंड के कारण सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्गों व बच्चों को हो रही है।
नगर पालिका की तरफ से शहर में ठंड से बचने के लिए जलवाए जा रहे अलाव भी नाकाफी साबित हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि नगर पालिका प्रशासन की तरफ से गीली लकड़ी उपलब्ध कराने से अलाव जलाने में भी काफी परेशान हो रही है।
उधर, शुक्रवार को भी ट्रेनाें के घंटों देर से चलने का सिलसिला जारी रहा। गोरखधाम सुपरफास्ट ट्रेन पांच घंटे, वैशाली सुपरफास्ट दो घंटे, कुशीनगर सुपरफास्ट एक्सप्रेस तीन घंटे, बरौनी-लखनऊ एक्सप्रेस एक घंटे, हमसफर दो घंटे देरी से स्टेशन पर पहुंची।