जिलाधिकारी के आदेश पर नगर पालिका परिषद गोंडा ने कसा शिकंजा
सार्वजनिक दीवारों को गंदा करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : डीएम
संवाद न्यूज एजेंसी
गोंडा। शहर में एक कोचिंग सेंटर संचालक को रंगाई-पुताई के बाद सार्वजनिक दीवारों पर पोस्टर लगाना भारी पड़ गया। डीएम के आदेश पर नगर पालिका ईओ ने संचालक पर गंदगी फैलाने के आरोपों में 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। डीएम नेहा शर्मा ने दीवारों को गंदा करने वालों को कार्रवाई की सख्त चेतावनी दी है।
नगर पालिका परिषद ईओ संजय कुमार मिश्र ने बताया कि डीएम के आदेशानुसार सार्वजनिक दीवारों की रंगाई-पुताई कर साफ-सुथरा बनाया गया है। ऐसे में कृष्ण क्लासेज के नाम से संचालित एक कोचिंग सेंटर के संचालक ने अपने प्रचार-प्रसार के लिए सार्वजनिक दीवारों पर पोस्टर चिपका दिया। प्रकरण के सामने आने के बाद तत्काल कार्रवाई की गई है। संचालक पर 15 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। उन्होंने कहा कि उनकी टीम लगातार नजर बनाए हुए हैं। ऐसी किसी भी गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। डीएम नेहा शर्मा ने कहा कि शहर को साफ-सुथरा रखने में व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के संचालक समेत आमजन गंभीरता बरतें।