गोंडा। शहर में कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी बिना मानक पूरे किए ही संचालित हो रहे हैं। इससे संस्थानों में पढ़ाई करने वाले छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। डीआईओएस डाॅ. रामचंद्र के निरीक्षण में शहर के ही पांच कोचिंग व लाइब्रेरी सेंटर मानक के विपरीत मिले। उन्होंने संस्थानों से जवाब-तलब किया है। बताया कि बिना मानक के संस्थानों को बंद कराए जाने की कार्रवाई की जाएगी।
शहर के गांधी पार्क के पास संचालित ड्रम्प कोचिंग सेंटर तो पंजीकरण के अभिलेख ही उपलब्ध नहीं करा सका। कोचिंग भी बेसमेंट में संचालित हो रही है और वहां वेंटीलेशन की भी व्यवस्था नहीं मिली। इसी तरह नारायना लाइब्रेरी में तो 701 छात्रों के बैठने की केबिन बनाई गई है। कम जगह होने के बाद भी अधिक संख्या में लोगों के बैठाने की व्यवस्था की गई है। इसी तरह महिंद्रा कोचिंग सेंटर में तो न उजाले का प्रबंध है और न ही वेंटीलेशन ही है। टार्क एजूकेशन क्लासेज व स्वास्तिक लाइब्रेरी मालवीय नगर में भी मानक की अनदेखी मिली। डीआईओएस ने संचालकों को नोटिस जारी किया है।