गोंडा। शासन के निर्देश पर बाबू ईश्वर शरण अस्पताल का नोडल अधिकारी नामित होने के बाद सोमवार को अपर जिलाधिकारी सुरेश कुमार सोनी ने स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय का औचक निरीक्षण किया। अस्पताल की अव्यवस्थाओं पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई।
एडीएम को अस्पताल के बाहर अतिक्रमण के चलते खुद जाम में फंसना पड़ा। सीएमओ कार्यालय के पास जलभराव व अस्पताल परिसर में फैली गंदगी देखकर एडीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने सीएमएस डॉ. वीके गुप्ता को दलालों पर अंकुश लगाने का सख्त निर्देश दिया। कहा कि यदि परिसर में कोई बाहरी व्यक्ति मरीजों को बहलाकर जांच व दवा खरीदवाने बाहर ले गया तो इसकी जिम्मेदारी सीएमएस की होगी। हर रोज दो बार राउंड कर ऐसे अवैध लोगों को चिह्नित किया जाए। एडीएम ने डॉक्टरों व दवाओं के स्थिति की जानकारी ली। कुल बेड तथा संचारी रोग व डेंगू के लिए आरक्षित बेड की जानकारी ली।
नगर मजिस्ट्रेट चंद्रशेखर ने पीएचसी महाराजगंज, सिविल लाइंस व जयनगरा में डॉक्टर व दवाओं की स्थिति की जानकारी ली।