गोंडा। जिले में आज सीएम योगी आदित्यानाथ राजकीय व एडेड कॉलेजों की 19.29 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास वर्चुअल माध्यम से करेंगे। इसके बाद इन विद्यालयों में विद्यार्थियों के बैठने के समुचित इंतजाम के साथ ही पुस्तकालय व प्रयोगशाला समेत अन्य जरूरी इंतजाम किए जाएंगे। इसके लिए शासन स्तर से भी विद्यालयों को प्रस्तावित लागत की आधी रकम भेज दी गई है।
अधिकारियों ने बताया कि प्रोजेक्ट अलंकार के तहत 24 राजकीय कॉलेज में जरूरी इंतजाम के लिए 14.54 करोड़ के अलावा नौ एडेड कॉलेजों के लिए 4.64 करोड़ रुपये का प्रस्ताव है। ऐसे में राजकीय व एडेड को मिलाकर कुल 33 कॉलेजों में कुल 19.29 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इन विद्यालयों में स्वच्छ पेयजल, पुस्तकालय, कक्षा-कक्ष, बालक व बालिकाओं के लिए अलग-अलग शौचालय और जरूरत के हिसाब से भौतिक, रसायन व जीव विज्ञान का प्रयोगशाला बनाया जाएगा।
नौ एडेड कॉलेजों के लिए शासन स्तर से 1.39 करोड़ और 46 लाख रुपये विद्यालय स्तर को मिलाकर कुल 1.85 करोड़ कार्यदायी संस्था के खाते में ट्रांसफर कर दिए गए हैं। वहीं राजकीय कॉलेजों के कुल निर्माण लागत की आधी रकम शासन स्तर से जारी कर दी गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि सभागार में लाइव प्रसारण होगा। वहीं सभी जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
इन राजकीय कॉलेजों को मिली सौगात
जीआईसी, जीजीआईसी, जीआईसी करनीपुर, तालाग्रंट गौरा, अभिनव विद्यालय कंसापुर, राजकीय बालिका हाईस्कूल लौव्वाटेपरा, पहाड़ापुर, अचलनगर, जमदरा, त्योरासी, अकौनी, महेवा गोपाल, मसकनवा, पेडारन, टिकरिया, रांगी, हाईस्कूल दौलतपुर, मुंडेरवा माफी, माधवपुर टिकरी नवाबगंज, बस्ती, मझलीगांव, कोल्हुआ, रामपुर टेपरा व सोनौली मोहम्मदपुर।
नौ एडेड कॉलेजों को मिली स्वीकृति
एपी इंटर कॉलेज, गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज नवाबगंज, महाराजा देवी बक्श सिंह इंटर कॉलेज बेलसर, जनता इंटर कॉलेज अमदही, श्री गुरु नरहरि स्मारक इंटर कॉलेज पूरे तिवारी, भारतीय इंटर कॉलेज कटराबाजार गोंडा, शिक्षक बंधु इंटर कॉलेज बालपुर गोंडा, राजेंद्र नाथ लाहिड़ी स्मारक इंटर कॉलेज डुमरियाडीह और किसान इंटर कॉलेज पिपरा स्माइल को स्वीकृति दी गई है।