गोंडा। घर में अकेला कक्षा सात का छात्र मंगलवार देर रात फांसी के फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर छानबीन शुरू कर दी है।
स्थानीय थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत भंगहा निवासी रामकरन कनौजिया उर्फ कालिया (14) श्री गांधी आदर्श विद्यालय इंटर कॉलेज खरगूपुर में कक्षा सात का छात्र था। मंगलवार देर रात घर के बरामदे में रामकरन का शव संदिग्ध हालात में फांसी के फंदे पर लटका मिला। बड़े भाई प्रभुनाथ ने बताया कि मंगलवार रात तीन बजे पुलिस को सूचना दी गई थी। इस पर थानाध्यक्ष दिनेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। छानबीन करके शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
प्रभुनाथ ने बताया कि वह लखनऊ में और दो अन्य भाई अक्कन व दद्दू दूसरे प्रांतों में रहकर मजदूरी करते हैं। रामकरन की मां रिश्तेदारी में और भाभी मायके गई थीं। इस वजह से दस दिन से रामकरन घर में अकेला था। थानाध्यक्ष दिनेश कुमार सिंह का कहना है कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर छानबीन की जा रही है।