गोंडा। अयोध्या के समीप नवाबगंज के इस्माइलपुर में हाईवे किनारे जमीन दिलाने का झांसा देकर एक कंपनी के निदेशक से ढाई करोड़ रुपये ठग लिए गए। मामले में कंपनी के निदेशक ने तीन नामजद व अन्य के खिलाफ जालसाजी, साजिश, धमकी समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कराया है।
दिल्ली के रहने वाले एक कंपनी के निदेशक अशोक कुमार ने एसपी के आदेश पर दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि उनका कार्यालय दुर्गापुरी काॅलोनी जनौरा अयोध्या में है। कंपनी के अधिकारियों के निर्देश पर अयोध्या के आसपास जमीन की खरीद के लिए प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान अयोध्या में दंतधावन कुंड निवासी शैलेंद्र चौहान से मुलाकात हुई। शैलेंद्र ने खुद को एजेंट बताते हुए जमीन दिलाने का आश्वासन दिया।
इसके बाद उसने थाना क्षेत्र के इस्माइलपुर गांव निवासी आशुतोष कुमार व बस्ती जिले के पैकोलिया थाना क्षेत्र के महादेवा निवासी श्रीपति लाल से मुलाकात कराई। जिन्होंने खुद को प्राॅपर्टी डीलर बताया। आरोप है कि तीनों ने उन्हें अयोध्या व गोंडा के आसपास की कई जमीनों की खसरा-खतौनी दिखाई। आशुतोष ने खुद को इस्माइलपुर का ग्राम प्रधान बताकर कई लोगों से मुलाकात कराई और बताया वह सभी उनके गांव के किसान हैं। उक्त लोगों ने गोरखपुर-अयोध्या फोरलेन हाईवे पर इस्माइलपुर गांव में एक होटल के किनारे 400 बिस्वा जमीन दिखाकर उनके भू स्वामियों से मुलाकात कराई। जमीन का सौदा तय होने के बाद तीनों ने 09 फरवरी 2024 को 30 लाख रुपये और 18 फरवरी 2024 को 19 लाख रुपये अग्रिम भुगतान अपने खाते में लेकर इकरारनामा किया। आशुतोष के मुताबिक उन्होंने भू स्वामियों और बिचौलियों को कुल ढाई करोड़ रुपये का भुगतान किया। इसके बावजूद दूसरे के नाम उक्त जमीन का बैनामा कर दिया गया। रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। कोतवाल निर्भय नारायण सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों को नामजद करते हुए अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।