गोंडा। धानेपुर थाना क्षेत्र के बछईपुर चैनवापुर निवासी सद्दाम (30) की घर के पास मंगलवार की देर रात चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। सद्दाम को बचाने में उसकी प्रेमिका चंदा बानो की एक अंगुली कट गई थी। सद्दाम के नाजायज रिश्ते से गुस्साए सनवर की आंखों में खून की प्यास दिखाई पड़ रही थी। वह अपने दोस्तों संग लहूलुहान सद्दाम पर ताबड़तोड़ चाकुओं से तब तक वार करता रहा, जब तक उसने दम नहीं तोड़ दिया। उधर, तफ्तीश में जुटी पुलिस टीम हत्याकांड के खुलासे के करीब पहुंची चुकी है।
बछईपुर चैनवापुर निवासी सद्दाम का गांव की ही चंदा बानो से छह-सात साल से संबंध चल रहा था। इससे कारण चंदा बानो का बेटा सनवर व उसके दोस्त सद्दाम से रंजिश रखते थे। मंगलवार की रात सद्दाम शौच के लिए गांव के समीप खेतों की तरफ गया। वहां चंदा बानो भी मौजूद थी। आरोपी घात लगाए बैठे हुए थे। सद्दाम के खेत में पहुंचते ही आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया। सद्दाम को बचाने में चंदा बानो की अंगुली भी कट गई। सद्दाम के पिता इदरीश के मुताबिक चंदा बानो के कपड़े खून से सने हुए थे। जबकि सनवर अपने तीन दोस्तों के साथ सद्दाम पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार करता रहा, जिससे सद्दाम की जान चली गई।
इस मामले में इदरीश ने चंदा बानो पत्नी मुनव्वर, उसके बेटे सनवर व तीन अन्य के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। एसओ ब्रह्मानंद सिंह ने बताया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।