गोंडा। देवीपाटन क्षेत्र के रुपईडीहा बस स्टेशन के केंद्र प्रभारी बीएन जायसवाल को बसों के संचालन में गड़बड़ी के आरोप में मंगलवार को हटा दिया गया।
बस स्टेशन रुपईडीहा के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक राम प्रकाश की गत एक माह से प्रयागराज में ड्यूटी लगी है। उन्हें देवीपाटन क्षेत्र से प्रयागराज में मेलाधिकारी बनाया गया है। तभी से रुपईडीहा बस स्टेशन की जिम्मेदारी केंद्र प्रभारी बीएन जायसवाल को दी गई थी। मगर वहां बसों के संचालन में गड़बड़ी की शिकायतें मिलने लगीं। क्षेत्रीय प्रबंधक देवीपाटन अरविंद कुमार ने बताया कि मंगलवार को शिकायत मिली कि बस स्टेशन पर प्रयागराज के यात्रियों की भीड़ के बावजूद रुपईडीहा के केंद्र प्रभारी ने बसें हरिद्वार व अन्य रूटों पर भेज दीं। ऐसी ही कई शिकायतें आ रही थीं। इसलिए केंद्र प्रभारी बीएन जायसवाल को हटाकर उन्हें बसों की पार्किंग, साफ-सफाई समेत अन्य जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी डिपो में तैनात आरके तिवारी को केंद्र प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। (संवाद)