गोंडा। नगर कोतवाली क्षेत्र के टॉमसन चौराहे पर 22 सितंबर को हुई मारपीट मामले में एक और एफआईआर दर्ज हुई है। नगर कोतवाली में भाजपा नेता उदय पांडेय ने विधायक मेहनौन विनय द्विवेदी के बहनोई और शिक्षक नेता राकेश पांडेय, उनके बेटे आयुष व सात अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। इसके पूर्व उदय पांडेय के खिलाफ पुलिस एफआईआर दर्ज कर चुकी है। वहीं शिक्षक नेता राजेश पांडेय ने कहा कि पुलिस को उनकी एफआईआर में कार्रवाई करनी चाहिए।
रानीपुरवा जानकीनगर निवासी उदय पांडेय ने आरोप लगाया कि वह 22 सितंबर की सुबह लखनऊ से भाजपा के सदस्यता अभियान के तहत मेहनौन विधानसभा के ग्राम घरकनपुरवा बुजैना कला व अन्य गांव में सदस्य बनाने गये थे। शाम को लौटकर लखनऊ वापस जा रहे था, उसी दिन रात 09.35 बजे के करीब टॉमसन चौराहे पर नाश्ता करने के लिए रुके। कुछ ही देर बाद राजेश पांडेय, उनके पुत्र आयुष पांडेय और अन्य 7 लोग निवासी रानीपुरवा जानकीनगर गाली देने लगे। उन्होंने जान से मारने की धमकी दी और गाली-गलौज की। उसके बाद मारने लगे, फिर किसी प्रकार से गाड़ी भगाकर जान बचाई। नगर कोतवाल मनोज पाठक ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
वहीं, उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षक नेता राजेश पांडेय के रानीपुरवा आवास पर बैठक की। जिला मंत्री अखंड प्रताप सिंह ने आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग किया। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश महामंत्री अनिरुद्ध तिवारी, प्रदेश उपाध्यक्ष मारकंडेय सिंह, प्रदेश मंत्री राकेश सिंह, मंडल अध्यक्ष आजमगढ़ शैलेश सिंह, जिलाध्यक्ष बहराइच ललित दीक्षित, जिला मंत्री बहराइच राजेश सिंह, मंडल अध्यक्ष देवीपाटन श्रवण कुमार तिवारी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह आदि रहे। प्रदेश महामंत्री ने कहा कि आरोपितों की गिरफ्तारी न होने पर राज्य स्तर पर आंदोलन होगा।