मनकापुर (गोंडा)। पुरानी रंजिश व अन्य विवादों को लेकर विभिन्न गांवों में हुई मारपीट के मामलों में पुलिस ने 11 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
क्षेत्र के ग्राम देवरिया निवासी जगत नारायन सेन ने शुक्रवार को कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि उसका मानसिक संतुलन ठीक नहीं रहता है। गांव के ही रहने वाले गोगई ने 23 जनवरी को उसको चिढ़ाने लगे। जब ऐसा करने से मना किया तो मारापीटा और धमकी दी।
ग्राम चांदपुर दुर्गा निवासी जय प्रकाश ने बताया कि गांव के सोनू से खेत बैनामा लेकर गन्ने की फसल लगा रखी है। बृहस्पतिवार को सोनू, रामानंद व अजय गन्ने की फसल को जबरन काटने लगे। विरोध पर उसे मारापीटा गया।
ग्राम किशुनदासपुर के देवियापुर निवासी परमात्मा मौर्य ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि बुधवार शाम साढ़े सात बजे बेटा दीनानाथ, ध्रुव कुमार व बहू मोनी घर पर कुछ काम कर रही थी। इस बीच रंजिश को लेकर गांव के ही परमहंस मौर्या, राजू मौर्या, कृष्णा मौर्या, मनोज मौर्या घर पर आकर अभद्रता करते हुए मारने पीटने लगे। जिससे दोनों बेटों व बहू को काफी चोटें आईं हैं।
ग्राम करौंदी निवासी ईश्वरदीन ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि रंजिश को लेकर गांव की किसना व इनकी बेटी आरती, पूजा ने उसको मारापीटा। बहू मंजू बीच-बचाव करने आई तो उन लोगों ने उसकी भी पिटाई कर दी।