चुनाव कार्यालय परिसर में धू-धूकर जली कार। स्रोत: वीडियोग्रैब
गोंडा। जिला निर्वाचन कार्यालय में मंगलवार को ईवीएम-वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) के दौरान भारत निर्वाचन आयोग के इंजीनियर की लग्जरी कार में अचानक आग लग गई। सीतापुर निवासी और दिल्ली में तैनात इंजीनियर अविचल श्रीवास्तव एफएलसी प्रक्रिया में शामिल होने आए थे। उन्होंने अपनी कार निर्वाचन कार्यालय के बाहर खड़ी की थी। दोपहर तीन बजे कार से धुआं उठता देखकर गार्ड ने इंजीनियर को सूचना दी। वह तत्काल बाहर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग बढ़ती गई। सूचना पर पहुंचे दमकल ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। अपर जिला निर्वाचन अधिकारी प्रमोद झा ने बताया कि इंजीनियर एफएलसी प्रक्रिया में शामिल होने आए थे। इसी दौरान उनकी कार में आग लगी। कारणों की जांच की जा रही है।