बालपुर कस्बे में रविवार को लखनऊ-गोंडा राजमार्ग के दोनों तरफ अतिक्रमण कर बनाई गईं दुकानों व मकानों को बुलडोजर चलाकर ढहा दिया गया। राजमार्ग के दोनों तरफ अस्थाई कब्जे भी हटवाए गए। अतिक्रमण हटाने के लिए रविवार को पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों को देखकर इलाके में अफरातफरी मच गई। कुछ लोग खुद ही अपना मकान व दुकान तोड़ने लगे।
रविवार सुबह करीब 11 बजे एसडीएम विशाल कुमार पुलिस फोर्स के साथ बालपुर कस्बे में अतिक्रमण हटवाने पहुंचे। कार्रवाई शुरू की गई तो लोगों ने खुद ही अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया। यहां अतिक्रमण कर बनाई गई 250 से अधिक दुकानों व मकानों को चिह्नित किया गया था। रविवार को दर्जनभर से अधिक दुकानें तोड़ी गईं। खुद अतिक्रमण हटाने वालों को एसडीएम विशाल कुमार ने तीन दिन का समय दिया है। कार्रवाई के दौरान कोतवाल चितवन कुमार, लोनिवि के अमीन मुकेश दूबे, राजकुमार दूबे, सुभाष यादव, विजय कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
विज्ञापन
मंडलायुक्त योगेश्वर राम मिश्र ने पिछले दिनों में मंडल के सभी डीएम को अतिक्रमण के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। साथ ही 15 में इसकी रिपोर्ट तलब की है। इसके बाद लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई हो सकती है।
करनैलगंज एसडीएम विशाल कुमार ने बताया कि बालपुर कस्बे में अस्थाई अतिक्रमण हटवाया गया है। अतिक्रमण कर बनाई गईं दुकानें व मकान चिह्नित किए गए हैं। खुद अतिक्रमण हटाने के लिए तीन दिन का समय दिया गया है। जल्द ही करनैलगंज कस्बे में भी अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।