गोंडा। फसलों के दुश्मन बने सांड़ और छुट्टा जानवर अब यमदूत भी साबित हो रहे हैं। मंगलवार को एक सांड़ ने बुजुर्ग को पटककर मार डाला। उसे बचाने आए युवक को भी हमला करके मारकर घायल कर दिया। गंभीर हालत में युवक का इलाज चल रहा है।
मोतीगंज थाना क्षेत्र में ग्राम पंचायत बनकटी सूर्यबली के पूर्व प्रधान विजय प्रकाश सिंह ने बताया कि उनके पिता लक्ष्मीदत्त उर्फ किन्नी सिंह (75) मंगलवार को दरवाजे के सामने जा रहे थे। इसी बीच एक सांड़ ने उनको दौड़ा लिया। फिर सांड़ ने उन्हें उठाकर पटक दिया। इतना ही नहीं सींग और खुर मार-मारकर घायल कर दिया। उन्हें बचाने पहुंचे पड़ोसी अर्जुन को भी सांड़ ने दौड़ा लिया और जमीन पर गिराकर घायल कर दिया। गुहार होने पर ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर दौड़े तब जाकर सांड़ भागा।
परिजनों ने आनन-फानन दोनों लोगों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान लक्ष्मीदत्त सिंह की मौत हो गई, जबकि अर्जुन का इलाज जारी है। समाजसेवी मोहिनी आजाद, लखपत शुक्ल, पप्पू दूबे, धर्मेंद्र सिंह, संचित वर्मा ने निधन पर शोक जताया। कहा कि जिम्मेदारों की लापरवाही से ये घटना हुई है। ग्रामीणों ने सांड़ को जल्द पकड़वाने की मांग की है।