गोंडा। शहर में तीन मॉडल वेंडिंग जोन बनाने के लिए राशि जारी हो गई है। 91.31 लाख रुपये का बजट जारी कर निविदा मांगी गई है। 27 फरवरी को टेंडर खुलने के बाद वेंडिंग जोन बनाने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
जोन बनने के बाद जिले के लोग भी दिल्ली, लखनऊ, इंदौर की तरह स्ट्रीट फूड का मजा ले सकेंगे। लखनऊ की चटोरी गली, इंदौर की खाऊ गली की तर्ज पर जिले में भी फूड स्ट्रीट विकसित होगी।
इससे शहर की एक बड़ी आबादी को अव्यवस्था के कारण होने वाले जाम से राहत मिलेगी। वहीं, 105 पटरी दुकानदारों को ठिकाना मिल सकेगा।
सिंचाई विभाग ऑफिसर्स फील्ड हॉस्टल से सिंचाई विभाग की बाउंड्री तक पहला मॉडल वेंडिंग जोन स्थापित होगा। यहां 40 पटरी दुकानदारों को स्थान मिल सकेगा।
इसी तरह से गांधीपार्क के मेन गेट से एलबीएस चौराहे की तरफ 34 पटरी दुकानदारों के लिए मॉडल वेंडिंग जोन बनेगा।
तीसरा वेंडिंग जोन बस स्टॉप के पास नेकी की दीवार से जीआईसी गेट तक बहराइच रोड के पश्चिमी पटरी पर बनेगा। यहां 31 पटरी दुकानदारों को स्थापित किया जाएगा। उम्मीद जताई जा रही है कि अप्रैल महीने तक कार्य पूरा हो जाएगा।
दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के अंतर्गत इन मॉडल वेंडिंग जोन को मंजूरी मिली है। इनका संचालन व रखरखाव वेंडर मैनेजमेंट कमेटी की ओर से टीवीसी और नगर पालिका परिषद की देखरेख में किया जाएगा। टाउन वेंडिंग कमेटी के अनुमोदन के अनुसार ही पटरी दुकानदारों को स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। परिवर्तन होता है तो टीवीसी व नगर पालिका से अनुमोदित कराया जाएगा। नगर पालिका अध्यक्ष उज्मा राशिद ने बताया कि 27 फरवरी को टेंडर खुलेगा। जिस भी फर्म को काम मिलेगा, वह एक से दो महीने के भीतर काम पूरा करेगा।